वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को 7-कालिदास मार्ग स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सीधे सुनकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं, जिन पर उप मुख्यमंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
जनता दर्शन की खास बात यह रही कि उप मुख्यमंत्री ने औपचारिक प्रक्रिया से हटकर स्वयं फरियादियों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बांदा से आए रामदत्त और ओम प्रकाश ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जबकि वाराणसी के विजय शर्मा ने गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगी। कानपुर देहात के दीपक कुमार ने अपने खिलाफ दर्ज कथित फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग की।
इसी तरह कासगंज, बदायूं, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, सीतापुर और महोबा समेत कई जिलों से आए लोगों ने भूमि विवाद, आवास, बिजली और चिकित्सा सहायता से जुड़े मामलों को उठाया। उप मुख्यमंत्री ने इन सभी मामलों में संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से चिकित्सा सहायता और गरीबों से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री के इस सक्रिय और संवेदनशील रवैये से जनता में भरोसा बढ़ा है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए सरकार के प्रति विश्वास जताया।