वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। अवध प्रांत में एक बड़े सामाजिक आंदोलन की आहट तेज हो गई है। राजधानी लखनऊ में हिन्दू बेटी बचाओ संघर्ष मोर्चा की आयोजित अहम बैठक में यह संकेत मिला कि यह मुद्दा अब स्थानीय दायरे से निकलकर व्यापक जनआंदोलन का रूप लेने जा रहा है। बैठक में “एक युद्ध लव जिहाद के विरुद्ध” अभियान के तहत रणनीति तय की गई और निर्णय लिया गया कि अवध प्रांत के 15 जिलों में एक साथ महापंचायत आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम संयोजक अनुराग शुक्ला ने बताया कि हाल के समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर शोषण और धर्म परिवर्तन के प्रयास किए गए। इन घटनाओं को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज को अब जागरूक और संगठित होने की आवश्यकता है। उनके अनुसार प्रस्तावित महापंचायत केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा और समाज में जागरूकता के लिए निर्णायक मंच साबित होगी।
बैठक में मौजूद मोर्चा सदस्यों ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के पीछे संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकते हैं, जिनकी गहन जांच जरूरी है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करते हुए दोषियों को सख्त सजा दी जाए, ताकि समाज में सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो सके।
महापंचायत को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, महिला समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। साथ ही गांव-गांव और शहर-शहर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जोड़ने की रणनीति पर भी काम हो रहा है।
लखनऊ में यह कार्यक्रम 19 अप्रैल को जीपीओ पार्क, हजरतगंज में प्रस्तावित है। मोर्चा ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को मजबूत बनाने की अपील की है। बैठक से यह संदेश उभरा कि अवध प्रांत में उठी यह आवाज अब व्यापक आंदोलन का रूप ले सकती है।