Breaking News

यूपी दिवस समारोह का रंगारंग समापन, लोक कलाकारों ने नृत्य व गायन से बिखेरी माटी की खुशबू

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राजधानी में ‘यूपी दिवस-2026’ के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का रंगारंग समापन राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर हुआ। 24 से 26 जनवरी तक चले कार्यक्रमों में प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की जीवंत प्रस्तुति देखने को मिली। बड़ी संख्या में उमड़े दर्शकों ने इस आयोजन को जनोत्सव का रूप दे दिया। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ ओशन बैंड के रॉक फ्यूज़न और प्रसिद्ध गायिका प्रतिभा सिंह बघेल की भजन संध्या ने समां बांध दिया।

उत्सव के दौरान संस्कृति विभाग के कार्यक्रमों में कथक, शास्त्रीय गायन, लोकनृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। बनारस, लखनऊ, झांसी, उन्नाव और आजमगढ़ समेत विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने मंच पर उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को साकार किया। युवाओं में ओशन बैंड की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही, वहीं सुगम संगीत और भजनों ने श्रद्धा व भावनाओं की रसधारा बहाई।

समापन दिवस पर प्रतिभा सिंह बघेल के भजन एवं सुगम संगीत को खूब सराहना मिली। लोक गायन, बिरहा और विभिन्न नृत्य शैलियों ने उत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं ओडीओसी और ओडीओपी के उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहे। स्थानीय व्यंजनों और पारंपरिक शिल्प ने लोगों को खासा लुभाया। इसके साथ ही संस्कृति विभाग द्वारा बसाया गया ‘कला गांव’ ग्रामीण परिवेश की झलक के साथ लोक जीवन के रंग प्रस्तुत करता नजर आया। यूपी दिवस समारोह ने प्रदेशवासियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का अवसर प्रदान किया।

Check Also

समर्पण और सादगी की मिसाल थे आलम बदी, जनसेवा के आगे आयु नहीं रखती मायने: मुख्यमंत्री योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES