वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। MY भारत, युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर देशभर में पदयात्रा एवं संडे ऑन साइकिल–2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों तथा जिला मुख्यालयों में एक साथ आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य ‘MY भारत MY वोट’ के नारे के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस पहल के माध्यम से युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वालों को मतदान के अधिकार और उसके महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य एक सूचित, नैतिक और सक्रिय मतदाता वर्ग को तैयार करना है, ताकि लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हो सकें। मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ते हुए यह आयोजन राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व वाले एक जन आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास है। पदयात्रा और साइकिलिंग कार्यक्रम के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही मतदाता पंजीकरण, चुनावी विवरण में सुधार और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियों को साझा किया जाएगा। कार्यक्रम में MY भारत के स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं और पहली बार वोट देने वाले युवाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
आयोजन के दौरान पदयात्रा या साइकिल रैली, पहली बार मतदाताओं का सम्मान, मतदाता जागरूकता संवाद, शपथ ग्रहण समारोह और व्यापक जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में जिम्मेदार नागरिक होने की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। युवा नागरिकों की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदारी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जागरूकता, जिम्मेदारी और सहभागिता के साथ मतदान करने वाले युवा लोकतंत्र की मजबूती के वाहक बनते हैं। MY भारत ने सभी युवा नागरिकों से राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा एवं संडे ऑन साइकिल–2026 में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लोकतांत्रिक ताने-बाने को सशक्त बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया है।