Breaking News

डुप्लीकेट चाबियों से सांसद मनोज तिवारी के मुंबई आवास में चोरी, पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
दिल्ली। भाजपा के उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में चोरी की घटना सामने आई है। चोर ने डुप्लीकेट चाबियों का इस्तेमाल कर घर का लॉक खोला और अलमारी में रखे करीब साढ़े पांच लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनोज तिवारी के एक पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह चोरी अंधेरी वेस्ट के शास्त्री नगर स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में हुई। सांसद के मैनेजर प्रमोद जोगिंदर पांडे की शिकायत पर अंबोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई है, जिसे लगभग दो वर्ष पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। प्रमोद पांडे पिछले बीस वर्षों से मनोज तिवारी के साथ मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं।
शिकायत में बताया गया कि बेडरूम में रखी अलमारी से कुल 5.40 लाख रुपये चोरी हुए। इसमें से 4.40 लाख रुपये जून 2025 में ही गायब हो गए थे, लेकिन उस समय चोरी का खुलासा नहीं हो सका था। बाद में दिसंबर 2025 में घर के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। 15 जनवरी 2026 की रात करीब नौ बजे सीसीटीवी अलर्ट के जरिए चोरी की जानकारी मिली।
फुटेज में देखा गया कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां थीं, जिससे वह आसानी से अंदर दाखिल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उस रात करीब एक लाख रुपये की चोरी की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Check Also

दिल्ली की हवा बिगड़ी, एनसीआर में ग्रैप-1 के सभी 25 उपाय तत्काल लागू

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार नई दिल्ली। दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंचने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *