– उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों को विस्टाडोम से कराया भ्रमण
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने लखनऊ के गवर्नमेंट इंटर जुबिली कॉलेज के लगभग 40 विद्यार्थियों को दुधवा की विस्टाडोम ट्रेन सफारी का अनूठा अनुभव कराया। तराई क्षेत्र की हरियाली, वन्यजीवों की झलक और जंगलों के प्राकृतिक स्वरूप को करीब से देखने का अवसर पाकर छात्रों में प्रकृति के प्रति नई जिज्ञासा और संवेदनशीलता विकसित हुई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह पहल युवाओं में सस्टेनेबल टूरिज्म और जिम्मेदार यात्रा की सोच को मजबूत करती है तथा उन्हें प्रकृति संरक्षण के महत्व से जोड़ती है।
बिछिया से शुरू हुई यात्रा में छात्र इंटरप्रिटेशन सेंटर पहुंचे, जहां उन्हें जंगल की जैव-विविधता, जिम्मेदार आचरण और रेल मार्ग के इतिहास से अवगत कराया गया। इसके बाद विस्टाडोम कोच में सवार विद्यार्थियों ने बिछिया से पलिया कलां और आगे मैलानी तक के प्राकृतिक दृश्य देखे। पारदर्शी शीशों से घने जंगल, घास के मैदान, जलाशय और विविध वन्यजीवों का मनोहारी संसार बच्चों के लिए अत्यंत रोमांचकारी रहा। दुधवा और कतर्नियाघाट जैसे समृद्ध वन क्षेत्रों से गुजरते हुए छात्रों ने पक्षियों की आवाज, वन्यजीव व्यवहार और प्राकृतिक पारिस्थितिकी के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा।
यात्रा के अंत में बच्चों ने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताते हुए इको टूरिज्म बोर्ड का आभार व्यक्त किया। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की यात्राएँ युवाओं में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित कर उन्हें जिम्मेदार पर्यटक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।