Breaking News

राष्ट्रपति ने किया यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन, कहा—“स्वस्थ भारत के निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी”

– 1200 बेड वाला अत्याधुनिक अस्पताल देगा विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज जनपद गाजियाबाद में 1200 बेड वाले अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने अस्पताल में स्थापित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत आज समग्र विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसमें सरकार के साथ-साथ 140 करोड़ देशवासियों का योगदान है। नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में देश का हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी नागरिक अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।”
राष्ट्रपति ने यशोदा हॉस्पिटल के कोविड महामारी के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा समाज सेवा और चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य प्रशंसनीय है। उन्होंने बताया कि टीबी उन्मूलन और सिकिल सेल एनीमिया जैसी बीमारियों पर यह संस्थान विशेष कार्य कर रहा है तथा उत्तरी भारत में स्टेप्स कार्यक्रम के तहत एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यशोदा मेडिसिटी दक्षिण एशिया में रोबोटिक सर्जरी के केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने कहा, “हम एक स्वस्थ और शक्तिशाली भारत की दिशा में बढ़ रहे हैं, जिसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उद्घाटन केवल एक अस्पताल का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को वर्ल्ड क्लास हेल्थ केयर फैसिलिटी प्राप्त होने का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह संस्थान 5,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 11 वर्षों में भारत ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार किए हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े आठ वर्षों में 42 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि गोरखपुर और रायबरेली में एम्स सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “अब जिन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहले विदेश जाना पड़ता था, वे यशोदा मेडिसिटी में एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।”
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, यशोदा मेडिसिटी के संस्थापक डॉ. पी.एन. अरोड़ा, प्रबंध निदेशक डॉ. उपासना अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Check Also

बजट सिर्फ आंकड़ों का नहीं, भारत के भविष्य का विजन: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES