वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की एकता पर सवाल उठने लगे हैं। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, महागठबंधन की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के पोस्टर में केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर लगाए जाने पर जन अधिकार पार्टी प्रमुख पप्पू यादव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता किसी और नहीं, बल्कि राहुल गांधी की तस्वीर पर वोट देगी। पप्पू यादव ने यह भी कहा कि जब तक सीटों पर पूरी सहमति नहीं बन जाती, तब तक गठबंधन को कोई बड़ा कदम नहीं उठाना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस, आरजेडी और अन्य सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे पर लगभग सहमति बन चुकी है। कांग्रेस भी अब तेजस्वी यादव के नाम पर राजी दिखाई दे रही है। इसी समझौते को औपचारिक रूप देने के लिए आज होटल मौर्या में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है, जिसमें तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बुधवार को पटना में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव से मुलाकात की। बातचीत में कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी मौजूद रहे, जिन्हें बातचीत में आई रुकावट के लिए जिम्मेदार माना जा रहा था। गहलोत ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और मजबूती से चुनाव मैदान में उतरने को तैयार है।