Breaking News

बुलडोजर ने किया एनिमल हाउस जमींदोज, रामस्वरूप विश्वविद्यालय पर प्रशासनिक कार्रवाई

– एडीएम-एएसपी रहे मौजूद
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बाराबंकी। रामस्वरूप विश्वविद्यालय के अवैध कब्जे वाले एनिमल हाउस पर बुलडोजर आखिरकार गरज़ ही गया। देखते ही देखते एनिमल हाउस जमींदोज हो गया। इस दौरान एडीएम-एएसपी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में एलएलबी छात्रों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के अवैध कब्जे वाले भवन पर शनिवार शाम प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। देखते ही देखते विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग का एनिमल हाउस जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान एडीएम न्यायिक राजकुमार सिंह यादव और एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
बताते चलें कि देवा-चिनहट रोड स्थित विश्वविद्यालय परिसर में कार्रवाई के समय सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन प्रबंधन और अधिकारियों के मोबाइल लगातार बजते रहे। प्रशासन ने पहले सुबह 11 बजे से जमीन की नाप-जोख कराई और शाम 4:45 बजे तीन बुलडोजरों की मदद से अवैध निर्माण ढहाना शुरू किया। तहसीलदार नवाबगंज की अदालत ने 25 अगस्त को अपने फैसले में विश्वविद्यालय प्रबंधन पर 27 लाख 96 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था और 30 दिन के भीतर सरकारी जमीन खाली करने का आदेश दिया था। इसे लेकर शनिवार सुबह 11:00 बजे से ही प्रशासनिक तंत्र ने जमीन की पैमाइश शुरू की थी। अब कार्रवाई सामने है। प्रशासन के मुताबिक, करीब छह बीघा जमीन, जो सरकारी अभिलेखों में ऊसर-बंजर दर्ज है, पर विश्वविद्यालय का कब्जा था।
हाल ही में एलएलबी छात्रों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज से जुड़े विवाद के बीच यह कार्रवाई और भी चर्चा में है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कब्जे वाली शेष जमीन को भी चरणबद्ध तरीके से खाली कराया जाएगा। प्रशासनिक बुलडोजर की यह कार्रवाई विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्ती का साफ संकेत मानी जा रही है।

Check Also

दूल्हा मामी संग फरार, 14 वर्षीय भाई की जबरन शादी चाइल्ड हेल्पलाइन ने रुकवाई

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक चौंकाने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES