वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
भदोही। अभोली सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के भिखमापुर नहर के पास बाइक सवार बदमाशों ने बैंक मित्र से दिनदहाड़े एक लाख रुपये की लूट कर फरार हो गए। बाइक सवार बदमाशों ने बैंक मित्र को पीछे से तीन बार हैप्पी दिवाली विश किया। उन्होंने जैसे ही बाइक रोकी तमंचा सटाकर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गयी।
ब्ताते चलें कि सुरियावां कोतवाली के मकनपुर रूही निवासी शारदा प्रसाद मौर्य बैंक मित्र हैं। वे गांव में ही बैंक का मिनी शाखा संचालित करते हैं। सोमवार को वे सुरियावां के बैंक ऑफ बड़ौदा गए थे। वहां उन्होंने 73 हजार रुपये विड्रा कराया। वहीं उनके पास भी 13 हजार रुपये थे। कुल एक लाख रुपये लेकर वे गांव लौट रहे थे। इस बीच भिखमापुर नहर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें तीन बार हैप्पी दिवाली बोलकर विश किया। दो से तीन बार हैंप्पी दिवाली बोलने पर शारदा ने अपनी बाइक रोक दी। जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल तान दी और उनका रुपयों से भरा बैग छिनकर बसवापुर चैराहे की तरफ फरार हो गए। जाते-जाते बदमाशों ने उनके बाइक की चाभी निकाल ली और जमीन पर एक गोली दागी।
इधर लूट की घटना से अवाक शारदा ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी होते ही सनसनी मच गयी। डीआईजी आरपी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, एएसपी डॉ. तेजबीर सिंह समेत बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की और पीड़ित से आवश्यक पूछताछ की। एएसपी ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना की सच्चाई का पता लगाया जाएगा। पीड़ित के अनुसार युवकों की 25 से 30 के बीच थी। घटना के बाद वे हवाई फायरिंग करते हुए बसवापुर चैराहे की तरफ फरार हो गए।