Breaking News

यूपी में 50 सीटों से ज्यादा न मांगे कांग्रेस, इतने में खुश रहे: सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी के प्रतापगढ़ सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 50 से ज्यादा सीटों की मांग नहीं करनी चाहिए और उसे इतनी सीटों में ही संतुष्ट रहना चाहिए।
शिवपाल सिंह पटेल ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन नहीं होता तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाती। उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत जिन सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, वहां सपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका समर्थन किया। उनके अनुसार इसी सहयोग के कारण कांग्रेस उत्तर प्रदेश में छह लोकसभा सीटें जीतने में सफल रही।
सपा सांसद ने राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनाव लड़ने को लेकर असमंजस में थे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भरोसा दिलाने के बाद उन्होंने रायबरेली से चुनाव लड़ा। पटेल के मुताबिक अखिलेश यादव ने उन्हें चुनाव मैदान में उतरने के लिए प्रोत्साहित किया और गठबंधन के समर्थन का भरोसा दिलाया।
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को छह सीटों पर जीत मिली थी। पटेल ने कहा कि सीटों के लिहाज से सपा की स्थिति कांग्रेस से मजबूत रही है। उन्होंने कांग्रेस से गठबंधन में सहयोगात्मक रुख अपनाने की अपील करते हुए कहा कि उसे अनावश्यक या नकारात्मक बयानबाजी से बचना चाहिए। उनके बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सपा की अपेक्षाओं के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

Check Also

बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास को रफ्तार, बीडा में 28,874 एकड़ भूमि का अर्जन पूरा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। योगी सरकार में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *