Breaking News

ज्येष्ठ के पांचवें बड़े मंगल पर अजय राय ने किया सुंदरकांड पाठ, हनुमान मंदिरों में टेका माथा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने राजधानी लखनऊ के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आयोजित सुंदरकांड पाठ और भंडारों में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना करते हुए भगवान श्रीहनुमान की पूजा-अर्चना की।
अजय राय ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत आलमबाग स्थित चंदर नगर गेट के पास मौनी बाबा मंदिर से की। यहां आयोजित सुंदरकांड पाठ में उन्होंने भाग लिया और श्रद्धापूर्वक पाठ किया। इसके बाद भंडारे में पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा कार्य में भी हिस्सा लिया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इसके उपरांत अजय राय हजरतगंज चौराहा स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी श्री हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली, प्रगति और जनकल्याण की प्रार्थना की। मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं।
अपराह्न में वह जनपथ मार्केट, हजरतगंज पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वीवीआईपी प्रोटोकॉल प्रभारी रमेश मिश्रा द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में शामिल हुए। उन्होंने प्रसाद ग्रहण करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि ज्येष्ठ माह में बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा-अर्चना और भंडारे की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, सेवा और आस्था की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म के प्रति समर्पण और जनसेवा का भाव व्यक्ति को समाज से जोड़ता है तथा जरूरतमंदों की सेवा करने का अवसर प्रदान करता है। बड़े मंगल के अवसर पर राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।

Check Also

हीट वेव से जंग: नगर निगम के कूलिंग पॉइंट बने राहत की छांव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे तापमान के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES