Breaking News

सनातन परंपरा के पथ पर पंचकोशी यात्रा, काशी की सेवा ही मेरा परम धर्म : अजय राय

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने सोमवार को बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में सनातन परंपरा के अनुसार पावन पंचकोशी परिक्रमा का संकल्प लेकर यात्रा संपन्न की। इस दौरान उन्होंने काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा सुरक्षा की कामना की।
यात्रा के शुभारंभ से पूर्व अजय राय ने मैदागीन स्थित बड़ा गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाकर सभी भय और बाधाओं से मुक्ति की प्रार्थना की। उन्होंने मणिकर्णिका घाट पहुंचकर मणिकर्णिकेश्वर महादेव एवं शक्ति स्वरूपा माता मणिकर्णिका का विधि-विधान से पूजन किया। साथ ही भगवान विष्णु के चक्र से निर्मित माने जाने वाले पवित्र चक्रपुष्करिणी कुंड का भी पूजन कर पंचकोशी यात्रा का शुभारंभ किया।
मणिकर्णिका घाट से शुरू हुई यह आध्यात्मिक यात्रा अपने प्रथम पड़ाव स्कंदवाश पहुंची, जहां अजय राय ने काशी के प्राचीनतम मंदिरों में शुमार कर्दमेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि काशी की पवित्र भूमि का कण-कण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत है। इसके बाद यात्रा का दूसरा पड़ाव राजातालाब स्थित मां भीमचंडी धाम रहा, जहां उन्होंने माता के दर्शन-पूजन कर जनकल्याण की कामना की।
यात्रा का तीसरा पड़ाव वरुणा नदी तट पर स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर रहा। त्रेतायुग में भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित माने जाने वाले इस शिवलिंग के दर्शन के बाद अजय राय ने कहा कि धर्म और सेवा का यह संकल्प निरंतर जारी रहेगा। इसके बाद शिवपुर में कपिलेश्वर महादेव एवं पांचों पांडवों के मंदिर में दर्शन-पूजन कर यात्रा आगे बढ़ी।
पंचकोशी परिक्रमा के समापन पर कपिलधारा पहुंचकर अजय राय ने कपिल महामुनि द्वारा स्थापित कपिलेश्वर महादेव के चरणों में वंदन किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान क्षेत्र के बुजुर्गों, युवाओं और संत समाज से मिला स्नेह और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि महादेव, माता मणिकर्णिका और बाबा काल भैरव सभी का मंगल करें तथा देश-प्रदेश की रक्षा करें। काशी की इस पावन माटी और यहां की जनता की सेवा ही उनका परम धर्म है।

Check Also

अहिल्याबाई होल्कर के योगदान का काशी में हुआ पुण्य स्मरण, विश्वनाथ धाम में श्रद्धांजलि अर्पित

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES