वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इस अवधि में सरकार की प्रत्येक योजना का केंद्र समाज का अंतिम व्यक्ति रहा है। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और निःशुल्क खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक देश के करोड़ों गरीब परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहे। उनके लिए अपना घर केवल एक आवश्यकता नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन का आधार था। प्रधानमंत्री मोदी ने इस आवश्यकता को समझते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना को जनकल्याण का प्रमुख माध्यम बनाया और करोड़ों आवासविहीन परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का ऐतिहासिक कार्य किया।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि देशभर में अब तक चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश इस अभियान में अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां लगभग 62 लाख परिवारों को आवास का लाभ मिला है। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 41 लाख से अधिक पात्र परिवार शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों को केवल आवास ही नहीं, बल्कि शौचालय, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत कार्ड और मनरेगा के अंतर्गत रोजगार जैसी सुविधाओं से भी जोड़ा गया है। इससे गरीब परिवारों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
केशव मौर्य ने कहा कि ग्रामीण आवास योजनाओं के 75 प्रतिशत से अधिक आवास महिलाओं के नाम स्वीकृत किए गए हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि पक्का आवास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सशक्तिकरण का आधार है। मोदी सरकार के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि गरीब कल्याण की योजनाएं घोषणाओं तक सीमित न रहकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंची हैं और करोड़ों परिवारों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और गरिमा का नया संचार हुआ है।