Breaking News

एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर यूपी में चलेगा महाअभियान, गांव-गांव पहुंचेगा विकास का संदेश : मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 05 जून से 21 जून तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित इस अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और इसे जनभागीदारी का अभियान बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने सभी मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों और प्रबुद्ध वर्ग के साथ व्यापक संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 05 जून से 21 जून के बीच प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर की ‘प्रगति पथ यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधि गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे, चौपाल लगाएंगे और ग्राम प्रधानों व स्थानीय नागरिकों से संवाद करेंगे। ग्राम्य विकास विभाग इस कार्यक्रम का समन्वय करेगा।
मुख्यमंत्री ने 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विकास खंडों और नगरीय निकायों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रदेश को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए भी जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत 08 से 14 जून तक जनसंपर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम और पैदल मार्च आयोजित होंगे। 14 से 16 जून तक जनकल्याण मेले लगाए जाएंगे, जबकि 16 और 17 जून को जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन होंगे। 18 और 19 जून को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के सभी विकास खंडों और नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Check Also

राहुल गांधी का बयान जनादेश का अपमान : पंकज चौधरी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES