वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
मथुरा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संभावित दौरे को लेकर मथुरा में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। इसी क्रम में बुधवार देर रात बांके बिहारी मंदिर परिसर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। आधी रात के बाद 150 से अधिक एनएसजी कमांडो हथियारों के साथ 15 वाहनों से मंदिर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा अभ्यास शुरू किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान मंदिर और आसपास के इलाके की बिजली कटवा दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद एनएसजी कमांडोज ने मंदिर परिसर के कोने-कोने की सघन तलाशी ली और प्रवेश व निकास मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी। आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। इस दौरान एक काल्पनिक आतंकी हमले का दृश्य भी रिक्रिएट किया गया, जिसमें आईईडी ब्लास्ट और फायरिंग की स्थिति दर्शाई गई।
मॉक ड्रिल में यह दिखाया गया कि चार लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। तीन गंभीर घायलों को स्ट्रेचर के जरिए एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया, जबकि एक घायल को मंदिर परिसर में ही प्राथमिक उपचार दिया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें महज दस मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। करीब छह घंटे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं। श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने के बाद मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास की गलियों की भी बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी को सुनिश्चित किया जा सके। रात करीब तीन बजे मॉक ड्रिल का समापन हुआ और एनएसजी टीम वापस लौट गई।
सूत्रों के अनुसार, नए साल के बाद मथुरा में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परख रही हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में रिस्पांस टाइम कम किया जा सके और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।