वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने बताया कि राज्य में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों में तेज प्रगति दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि बीएलओ को चिन्हित अनुपस्थित, शिफ्टेड और मृत मतदाताओं की दोबारा गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए से पूरा सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बीएलए को सहयोगात्मक भूमिका निभाने के निर्देश दें, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम सही ढंग से मतदाता सूची में दर्ज हो सकें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 34 विधानसभा क्षेत्रों और 91,441 बूथों पर बीएलओ ने शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है। अब तक 15.43 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो लगभग 99.93 प्रतिशत है। इनमें से 14.52 करोड़ से अधिक प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है, जो करीब 94.04 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य अंतिम चरण में है और आयोग इसे पारदर्शी तथा त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।