– जनता दर्शन का आज का दृश्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संवेदनशील और जनसेवक स्वरूप को सामने लाता है। गरीब और जरूरतमंद महिला की व्यथा सुनकर तत्काल कार्रवाई ने यह संदेश भी दिया कि सरकार हर पीड़ित और वंचित परिवार के साथ खड़ी है।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन मानवीय संवेदनाओं से भरा नजर आया। कानपुर की एक बुजुर्ग महिला अपने कैंसर पीड़ित बेटे के इलाज की फरियाद लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंची तो सीएम योगी उसकी पीड़ा सुन भावुक हो गए। उन्होंने तत्काल ही बेटे को मुख्यमंत्री आवास से सरकारी एंबुलेंस के जरिए कल्याण सिंह सुपर स्पेशियिलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट भिजवाया और बेहतर इलाज का निर्देश दिया।
कानपुर के रायपुरवा की लगभग 64 वर्षीय महिला ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनका जवान बेटा कैंसर से पीड़ित है, परिवार बेहद गरीब है और इलाज कराने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि हमारे पास आयुष्मान कार्ड भी नहीं है, बेटे की जान बचा लीजिए। महिला की यह बात सुन मुख्यमंत्री ने तुरंत अफसरों को निर्देश दिए और मरीज को एंबुलेंस से सीधे अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए अन्य फरियादियों से भी मुलाकात की। उन्होंने सभी के प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण करने का निर्देश दिया। करीब 50 से अधिक लोग जनता दर्शन में पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और प्रदेश सरकार इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए किसी भी पीड़ित को हरसंभव सहायता दी जा रही है और आगे भी सरकार जरूरतमंदों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराती रहेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए छोटे बच्चों को भी स्नेह से दुलारा। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट-टॉफी दी और उनके सिर पर हाथ फेरकर आशीर्वाद दिया। बच्चों और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री की इस आत्मीयता को बेहद खास अनुभव बताया।