वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ/ चित्रकूट । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप चित्रकूट जनपद में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता युक्त तरीके से पूरा किया जाए तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों को दिलाया जाए। वे रविवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह सभागार में चित्रकूट जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विधायक क्षेत्र विकास निधि योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन, जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश, मनरेगा सोशल ऑडिट और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तार से आकलन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो और लाभ केवल पात्र लाभार्थियों को ही मिले। सभी खंड विकास अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि गरीब कल्याण व महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ आमजन को दिया जाए।
मौर्य ने कहा कि चित्रकूट एक आकांक्षी जनपद है और भगवान कामतानाथ जी की तीर्थ नगरी होने के कारण यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। सरकार चित्रकूट को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमेश चन्द्र निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी सत्य राम यादव, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, डीसी मनरेगा डी.एन. पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. वैभव त्रिपाठी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अखिलेश कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।