Breaking News

यूपी में विकास के खाके पर 24 घंटे चलेगा विधानसभा का विशेष सत्र

– तैयार होगा विजन डॉक्यूमेंट-2047

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के दीर्घकालिक विकास के लिए बड़ा कदम उठाते हुए “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश–2047” विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर आने वाले वर्षों के लिए प्रदेश का विकास खाका तैयार किया जाएगा और उसी के मुताबिक योजनाएं और कार्य निर्धारित होंगे।
बैठक में यह भी तय हुआ कि विजन डॉक्यूमेंट पर विशेष चर्चा के लिए विधानसभा का 24 घंटे का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। यह सत्र 13 अगस्त की सुबह 11 बजे से शुरू होकर 14 अगस्त की सुबह तक लगातार चलेगा। इस दौरान सभी मंत्री अपने-अपने विभाग का विजन डॉक्यूमेंट सदन में पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि विजन डॉक्यूमेंट नागरिकों के सुझावों को शामिल करते हुए तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए गांव, गरीब, किसान, व्यापारी, युवा और आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाना लक्ष्य होगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और मंत्रियों को मिलकर इस दस्तावेज़ को तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी विकास लक्ष्यों की पूर्ति इसी रोडमैप से होगी। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2019 में भी 2 अक्तूबर की सुबह 11 बजे से 3 अक्तूबर की रात 11 बजे तक लगातार 36 घंटे का विशेष सत्र आयोजित किया गया था।

Check Also

स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर ऊर्जा मंत्री की राहत का ऐलान, बैठक में उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। राजधानी के शक्ति भवन में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES