Breaking News

युवाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए: ओम बिरला, लोक सभा अध्यक्ष

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी/ अजय कुमार
फगवाड़ा/ नई दिल्ली। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने युवाओं से सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा लोकतंत्र, अनुसंधान, कानून-निर्माण और प्रौद्योगिकी उन्नयन में शामिल होकर भारत की विकास गाथा में सार्थक योगदान देने का आग्रह किया। श्री बिरला ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में “वन इंडिया एण्ड वन वर्ल्ड” विषय के अंतर्गत आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव और स्टडी ग्रांट अवार्ड्स को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियाँ कीं।
इस अवसर पर, उन्होंने आर्थिक विकास, सामाजिक समानता, वैश्विक नेतृत्व और स्थिरता के विजन पर आधारित ‘विकसित भारत 2047’ की अवधारणा की बात भी की । अध्यक्ष महोदय ने अपने विचारों से युवाओं के दिलों को छूते हुए, उनसे भारत की नियति को निर्धारित करने में सक्रिय भागीदार बनने का आग्रह किया। भारत को पूरी दुनिया में प्रौद्योगिकी, शासन, शिक्षा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे युवाओं के लिए जाना जाता है, अध्यक्ष ने छात्रों को दृढ़ संकल्प के साथ चुनौतियों का सामना करने तथा नवाचार, समर्पण और सेवा की भावना के साथ विश्व में भारत की स्थिति को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू )को भारत की शैक्षिक प्रगति का प्रतीक बताते हुए, श्री बिरला ने कहा कि यह विश्वविद्यालय विविधता में एकता की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एलपीयू देश की सांस्कृतिक विविधता का सच्चा रूप है जहाँ भारत के हर राज्य के साथ ही 50 से भी अधिक देशों के छात्र मिलकर परस्पर सम्मान और मैत्रीपूर्ण वातावरण में पढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम में 50 देशों के छात्रों सहित हजारों छात्रों, संकाय सदस्यों, शिक्षाविदों ने भाग लिया। इस अवसर पर संसद सदस्य, अशोक मित्तल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Check Also

PRASHAD योजना से तीर्थ स्थलों का विकास, धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई गति

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार गुवाहाटी। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *