Breaking News

मुख्यमंत्री ने पुस्तक ‘नई भाजपा के शिल्पकार’ का विमोचन किया

– प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज की भारतीय जनता पार्टी वही कहती है, जो कर रही है और वही कर रही है, जो कहती है : मुख्यमंत्री
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में पार्टी की क्या भूमिका होनी चाहिए और पार्टी एक संगठनात्मक ढांचे से अलग भी कुछ है, यह भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कौशल से जाना जा सकता है। विगत 9-10 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में हमारे सामने है। जिन मूल्यों और आदर्शों को ध्यान में रखकर संस्थापकों द्वारा भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गयी थी, उनका संरक्षण करने के साथ ही, सरकार बनने के बाद उन मूल्यों का प्रभावी क्रियान्वयन पार्टी ने किया है।
मुख्यमंत्री विगत दिवस यहां लोक भवन में वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘नई भाजपा के शिल्पकार’ का विमोचन करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब व्यक्ति बोलता कुछ और है और करता कुछ और है। जब सरकार बनने के पहले और सरकार बनने के बाद कार्यों में व्यापक अंतर देखने को मिलता है तो यह अविश्वास का प्रतीक बन जाता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज की भारतीय जनता पार्टी वही कहती है, जो कर रही है और वही कर रही है, जो कहती है। आज भारतीय जनता पार्टी जिस दौर में है, उसमें कथनी और करनी में तथा आचार व विचार में कोई भेद नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोकतांत्रिक व्यवस्था में रह रहे हैं। लोकतंत्र की सबसे सरल व सहज परिभाषा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने दी थी। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र जनता का जनता के लिए, जनता के द्वारा शासन है। प्रधानमंत्री ने स्टेच्यु ऑफ यूनिटी के निर्माण के लिए देश का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्नोलॉजी को पार्टी और जनता के लिए कैसे प्रभावी बना सकते हैं, यह उदाहरण प्रधानमंत्री ने कर के दिखाया। प्रधानमंत्री ने संगठन के विकास के लिए टेक्नोलॉजी के प्रभावी उपयोग के रूप में ऑनलाइन सदस्यता के अभियान को आगे बढ़ाया। आज भारतीय जनता पार्टी के 18 करोड़ सदस्य हैं। प्रधानमंत्री के पास योजनाओं के विचार हैं। उनके प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन की रूपरेखा भी है।
इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, मत्स्य मंत्री डॉ0 संजय निषाद, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ सहित प्रदेश मंत्रिमण्डल के सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधिगण, ‘नई भाजपा के शिल्पकार’ पुस्तक के लेखक अजय सिंह, अनुवादक सुनील त्रिवेदी, प्रभात प्रकाशन के प्रभात कुमार सहित साहित्यकार, पत्रकार व अन्य उपस्थित थे।

 

Check Also

स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर ऊर्जा मंत्री की राहत का ऐलान, बैठक में उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। राजधानी के शक्ति भवन में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES