Breaking News

अखिलेश बोले- 2027 का चुनाव किसानों के भविष्य का चुनाव, सपा सरकार बनी तो 24 घंटे में होगा गन्ना भुगतान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और विभिन्न खापों के चौधरियों ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को समर्थन देने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प लिया। सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल भी मौजूद रहे।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की अपनी पार्टी है और 2027 का विधानसभा चुनाव किसानों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि दस वर्षों में किसान खाद, बीज और फसलों के उचित मूल्य के लिए परेशान रहा। उनके अनुसार, जब किसान को खाद की जरूरत होती है तो उसकी उपलब्धता संकट में पड़ जाती है और मांग करने पर उसे लाठियां तक झेलनी पड़ती हैं। बिचौलियों के हावी होने से किसानों को फसलों का सही मूल्य नहीं मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर गन्ना मूल्य का भुगतान 24 घंटे में कराया जाएगा। किसानों को भरपूर बिजली, खाद, बीज, पानी और सिंचाई की सुविधा मिलेगी। फसलों का लाभकारी मूल्य देने के साथ किसानों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इथेनॉल से होने वाले लाभ में किसानों की भी हिस्सेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में गांवों और किसानों का विकास प्राथमिकता में रहेगा। किसानों ने कहा कि उन्हें अखिलेश यादव पर भरोसा है। इस अवसर पर बुढ़ाना के चौधरी वीरेंद्र प्रधान ने अखिलेश यादव को हल भेंट किया, जबकि बागपत के किसानों ने हुक्का भेंट किया। खोकर, मान, मलिक और दांगी खाप समेत किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Check Also

एमएलसी चुनाव में छह सीटें जीतकर भी भाजपा की बढ़ी चिंता, आगरा-लखनऊ में सपा की सेंधमारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *