Breaking News

गांव की चौपाल में गरजे केशव मौर्य, अवैध कब्जों पर सख्ती और गरीब कल्याण योजनाओं को दी धार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी के सिराथू स्थित राजकीय महाविद्यालय के निकट आयोजित “गांव की समस्या, गांव में समाधान” ग्राम चौपाल कार्यक्रम में कहा कि गरीबों के जीवन को खुशहाल बनाना सरकार का संकल्प है और इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पांच करोड़ पौधे लगाए जाने का उल्लेख करते हुए लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
केशव मौर्य ने कहा कि सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और अन्य योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से इन सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए अभिभावकों से बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने करोड़ों लोगों को आवास, आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार तथा 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को जोड़ने और एक करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में चकमार्गों तथा सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों को अभियान चलाकर हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर ग्रामीण विकास और आमजन की सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाएगा।

Check Also

ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल समाप्त, नई नियुक्ति तक बनाए गए प्रशासक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सभी ब्लॉक प्रमुखों का पांच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES