वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
आगरा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगरा जनपद के विकास कार्यों, कानून व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों में तेजी लाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनसुविधाओं को मजबूत करना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उपमुख्यमंत्री के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में आगरा में इंटरनेशनल स्टेडियम की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यमुना नदी में सिल्ट सफाई एवं घाटों के मरम्मत कार्य को नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिकता देने को कहा गया।
उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा बिल भुगतान के बावजूद कनेक्शन न जोड़ने की शिकायत पर नाराजगी जताते हुए तत्काल समाधान और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। आंबेडकर पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर छत्र स्थापना के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।
बैठक में दो वर्ष से एक ही स्थान पर तैनात लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत सचिव तथा पुलिस कर्मियों के स्थानांतरण के निर्देश दिए गए। जलापूर्ति, सड़क मरम्मत, अवैध अतिक्रमण और जल निकासी जैसी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को संयुक्त कार्यवाही करने को कहा गया।
उपमुख्यमंत्री ने पेंशन योजनाओं, राशन वितरण, आयुष्मान कार्ड, किसान पंजीकरण और गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गरीबों को मिलने वाले लाभ में किसी भी प्रकार की कटौती या अनियमितता पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।