Breaking News

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बैठक: तय स्टॉप पर बस रोकने व समयपालन के निर्देश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी क्षेत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा क्षेत्रीय प्रबंधकों ने परिवहन सेवाओं की वर्तमान स्थिति, संचालन व्यवस्था, राजस्व वृद्धि और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिया कि सभी बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रत्येक चालक और परिचालक को निर्धारित स्टॉप पर बस अनिवार्य रूप से रोकनी होगी। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और परिवहन निगम की छवि भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि कई बार बसें निर्धारित स्टॉप पर नहीं रुकने की शिकायतें मिलती हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए इस पर कड़ाई से अमल कराया जाए। बैठक में निगम की आय बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रबंध निदेशक ने सभी क्षेत्रों को निर्देश दिया कि जांच स्कॉड दल दिन और रात दोनों समय सक्रिय रहकर प्रभावी जांच व्यवस्था सुनिश्चित करें। बिना टिकट यात्रा, अनियमित संचालन और अन्य गड़बड़ियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि राजस्व में निरंतर वृद्धि हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बसों की साफ-सफाई, समयबद्ध संचालन और व्यवहारिक सुधार पर ध्यान देना जरूरी है। इससे यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा और सार्वजनिक परिवहन के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे क्षेत्रीय स्तर पर नियमित निगरानी करें और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि परिवहन निगम की सेवाएं अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बन सकें।

Check Also

अनुपम मिश्रा बने रालोद उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मिलेगी नई धार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने उत्तर प्रदेश में संगठन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES