Breaking News

बोर्ड परीक्षाओं की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम शुरू, 8033 परीक्षा केंद्र तैयार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने मंगलवार को राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया, जिसके माध्यम से आगामी बोर्ड परीक्षाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने परीक्षार्थियों को तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने और बेहतर परिणाम प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी, जिनमें कुल 53,37,778 परीक्षार्थी शामिल होंगे। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।
परीक्षाओं की निगरानी के लिए लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 जारी किए गए हैं, जबकि माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के हेल्पलाइन नंबर 18001805310 और 18001805312 हैं। 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। साथ ही 222 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील और 683 संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में वॉयस रिकॉर्डर युक्त दो सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन लगाए गए हैं, जिससे वेबकास्टिंग के जरिए लाइव निगरानी संभव होगी। परीक्षा व्यवस्था के लिए केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट सहित सचल दल भी तैनात किए गए हैं।
प्रश्नपत्रों के अतिरिक्त रिजर्व सेट सुरक्षित डबल लॉक अलमारी में रखे जाएंगे। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं पर विशेष अंकन रहेगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे। मंत्री ने अधिकारियों और शिक्षकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी छात्र शांत वातावरण में परीक्षा दें और किसी भी अनुचित साधन से दूर रहें।

Check Also

एसआरजीआई में बजरंग दल की लव जिहाद, धर्मांतरण व नशा मुक्ति पर मंथन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार लखनऊ। बख्शी का तालाब स्थित एसआर ग्रुप ऑफ़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES