Breaking News

विधानसभा घेराव को निकले कांग्रेसी रोके गए, पुलिस से झड़प के बाद धरने पर बैठे नेता कार्यकर्ता

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। विधानसभा घेराव के लिए निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सोमवार को पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही रोक लिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें घेर लिया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई और कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने नीचे उतारा। विधानसभा जाने की मांग पर अड़े नेता और कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे मनरेगा, कानून व्यवस्था और शंकराचार्य से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करना चाहते थे।
राजधानी में विधानसभा का बजट सत्र चलने के कारण पुलिस पहले से सतर्क थी। इसी के चलते कांग्रेस कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। कई नेताओं को एहतियातन नजरबंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, नेता विधानमंडल कांग्रेस आराधना मिश्रा मोना, विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित कई सांसद, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल रहे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे थे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जबकि कांग्रेस नेताओं ने अपने मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

Check Also

एसआरजीआई में बजरंग दल की लव जिहाद, धर्मांतरण व नशा मुक्ति पर मंथन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार लखनऊ। बख्शी का तालाब स्थित एसआर ग्रुप ऑफ़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES