Breaking News

प्रकृति-आधारित पर्यटन को बढ़ावा: दुधवा के लिए विशेष बस सेवा पूरे नवंबर तक बढ़ी – मंत्री जयवीर सिंह

– लखनऊ–दुधवा की यात्रा नवंबर तक अब सिर्फ ₹487 में
वेब वार्ता ( न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार
लखनऊ। प्रकृति-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दुधवा नेशनल पार्क के लिए चलाई जा रही विशेष एसी 2×2 बस सेवा को यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग के चलते पूरे नवंबर माह तक बढ़ा दिया गया है। यह सेवा 4 नवंबर को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई थी, जिसकी प्रारंभिक अवधि केवल पंद्रह दिन तय थी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यात्रियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया ने विभाग को इस सेवा का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया, जिससे अब अधिक प्रकृति प्रेमी तराई क्षेत्र की हरियाली, वन्यजीव और शांत वातावरण का आनंद ले सकेंगे।
यह बस प्रतिदिन सुबह 8 बजे लखनऊ के कैसरबाग बस स्टेशन से रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे दुधवा पहुंचती है। मात्र 487 रुपये के किराये के साथ यह यात्रा स्कूली बच्चों, पर्यटकों, छात्र समूहों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए किफायती और आकर्षक विकल्प बनती जा रही है। दुधवा का क्षेत्र बाघ, एक-सींग वाले गैंडे, हाथी, बारहसिंगा, घड़ियाल और 450 से अधिक पक्षी प्रजातियों का सुरक्षित आवास माना जाता है, जिसकी वजह से यह परिवारों और युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
इस महीने दोबारा शुरू हुई विस्टाडोम ट्रेन सफारी में भी पर्यटकों की रुचि बढ़ी है, जिसमें अब तक 150 से अधिक बच्चे और प्रकृति प्रेमी शामिल हो चुके हैं। पारदर्शी खिड़कियों और आरामदायक डिब्बों वाली यह ट्रेन जंगल के बीच से गुजरते हुए अनोखा अनुभव प्रदान करती है। मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार दुधवा भारत का वह दुर्लभ क्षेत्र है जहां बाघ और एक-सींग वाले गैंडे एक साथ देखे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बस सेवा और विस्टाडोम सफारी दोनों मिलकर प्रदेश में प्रकृति-आधारित पर्यटन को नई गति दे रही हैं और लोगों में संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रही हैं।

Check Also

जनता दर्शन में उप मुख्यमंत्री ने सुनीं फरियाद, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES