Breaking News

अयोध्या बनी विश्व की आध्यात्मिक राजधानी, दीपोत्सव पर मुख्यमंत्री ने बताया नया उत्तर प्रदेश मॉडल

– दीपोत्सव में बोले मुख्यमंत्री—“सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं
– अयोध्या में मुख्यमंत्री ने किया राज्याभिषेक
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या धाम। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर अयोध्या के रामकथा पार्क में आयोजित दीपोत्सव-2025 में भगवान श्रीराम के स्वरूप का राज्याभिषेक किया। उन्होंने श्रीराम दरबार की आरती की और साधु-संतों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या सप्तपुरियों में प्रथम है, जहाँ धर्म स्वयं मानव रूप में अवतरित हुआ। यहाँ हर कण में मर्यादा, हर जीव में दया और हर हृदय में भगवान श्रीराम का वास है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में दीपोत्सव की शुरुआत इस भावना से की गई थी कि दीपावली के वास्तविक अर्थ और इसके पीछे के उद्देश्य को विश्व जाने।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में जब पहला दीपोत्सव हुआ, तब मात्र 50,000 दीप ही उपलब्ध हो सके थे। पूरे प्रदेश से दीप एकत्र कर कुल 1,71,000 दीप जलाए गए थे। आज अयोध्या धाम में लाखों दीप प्रज्वलित हो रहे हैं, जो आस्था, परिश्रम और संकल्प का प्रतीक हैं। यह दीप 500 वर्षों के अंधकार पर आस्था की विजय के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जब दीपोत्सव अपने 9वें संस्करण में है, तब भगवान श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक विदेशी आक्रांताओं ने भारत की आस्था पर प्रहार किए, परंतु सनातन आस्था कभी नहीं डिगी। उन्होंने कहा कि श्रीरामलला की जन्मभूमि में भगवान को कैद करने का प्रयास हुआ, पर आस्था ने उस बंधन को तोड़ दिया। वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीरामलला को भव्य मंदिर में विराजमान कर सनातन संस्कृति को सम्मान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बन चुकी है। यहाँ हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं। अयोध्या अब सुगम, स्वच्छ, सक्षम और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर के रूप में विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रामराज्य की भावना साकार हो रही है, जहाँ गरीबों को आवास, रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा की गारंटी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक उत्तर प्रदेश अपराधमुक्त, सुरक्षित और विकासोन्मुख प्रदेश बन चुका है। आज हर घर में उजाला है, हर हृदय में विश्वास है और हर नागरिक में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प है। अयोध्या का दीपोत्सव इस नए, उज्जवल और विकसित उत्तर प्रदेश का प्रतीक बन गया है।

Check Also

एडीआरएम नीलिमा सिंह ने किया अयोध्या कैंट स्टेशन का निरीक्षण, गंदगी पर जताई नाराजगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारअयोध्या। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES