Breaking News

चलती मगध एक्सप्रेस में महिला का गहनों से भरा बैग छीना, शिकायत के लिए भटकती रही पीड़िता

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर 13 अक्टूबर की सुबह चलती मगध एक्सप्रेस में एक महिला का गहने और नकदी से भरा बैग छीनकर युवक फरार हो गया। घटना सुबह करीब छह बजे की है। पीड़िता का आरोप है कि वारदात के बाद मदद मांगने पर आरपीएफ और जीआरपी ने तत्काल शिकायत दर्ज नहीं की। काफी मशक्कत के बाद बिहार के फतुहा में एफआईआर दर्ज हुई। अब महिला की बेटी निशु सिंह ने रेलवे से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, 51 वर्षीय महिला ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक उनका बैग लेकर चलती ट्रेन से कूद गया। बैग में सोने की चेन, दो अंगूठियां, दो जोड़ी ईयररिंग, 15 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और डेबिट-क्रेडिट कार्ड समेत अन्य सामान था। परिजनों का कहना है कि बैग छिनने के बाद डेबिट कार्ड से 15 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज मिला। रकम प्रयागराज के तुलारामबाग स्थित एटीएम से निकाली गई। बैग में रखा मोबाइल भी चालू था। परिवार ने इन जानकारियों के आधार पर आरोपी का पता लगाने की मांग की है।
पीड़िता के मुताबिक, प्रयागराज जंक्शन पर आरपीएफ से मदद मांगी तो जीआरपी के पास भेज दिया गया। जीआरपी ने गंतव्य स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इस्लामपुर में भी शिकायत दर्ज कराने के लिए परेशान होना पड़ा। बाद में फतुहा में एफआईआर दर्ज हुई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित राणा के मुताबिक, मामले में चोरी की एफआईआर दर्ज हुई है। महिला घटना की सटीक लोकेशन नहीं बता पा रही थीं। सीसीटीवी फुटेज भी चेक कराए गए, लेकिन कुछ नहीं मिला। पीड़ित परिवार ने घटना के साथ शिकायत दर्ज करने में हुई कथित लापरवाही की भी जांच कराने की मांग की है।

Check Also

अयोध्या में अखिलेश यादव बोले- प्रेम और समानता से ही मजबूत होगा समाज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *