वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए योगी सरकार ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने वाराणसी समेत सभी नगरीय क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी और संवेदनशील इलाकों में पहले से जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक नगरीय क्षेत्र में जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नालों, सीवर लाइनों और पंपिंग स्टेशनों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए। जहां जल निकासी व्यवस्था में कमी मिले, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में बारिश से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और जल निकासी की व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
एके शर्मा ने कहा कि शासन की ओर से अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन और जरूरी दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे में कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही या उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले शहर में जल निकासी, सीवर और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। जलभराव के तात्कालिक समाधान के साथ स्थायी निराकरण के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना बनाई जा रही है। वाराणसी में हुई कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि जनहित से समझौता करने वालों के खिलाफ शासन सख्त कदम उठाएगा।