Breaking News

सरकारी अस्पतालों में हथकरघा उत्पादों की खरीद से बुनकरों को मिलेगा स्थायी बाजार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश की योगी सरकार हथकरघा क्षेत्र को मजबूत करने और बुनकरों को उनके उत्पादों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। अब सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा से निर्मित बेडशीट, तकिया कवर और गॉज बैंडेज क्लॉथ की खरीद की जाएगी। इससे प्रदेश के बुनकरों को बड़ा और सुनिश्चित बाजार मिलने के साथ नियमित रोजगार और आर्थिक मजबूती का रास्ता खुलेगा।
मंगलवार को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, तिलक मार्ग, डालीबाग स्थित सभाकक्ष में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत सरकारी चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा उत्पादों की खरीद और आपूर्ति की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से चिकित्सा संस्थानों को जरूरत के अनुसार हथकरघा उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश के बुनकरों और बुनकर सहकारी समितियों से गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कराया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि सरकारी खरीद को महज सामान की आपूर्ति तक सीमित न रखते हुए बुनकर परिवारों को निरंतर रोजगार और स्थायी बाजार उपलब्ध कराने का माध्यम बनाया जाए। साथ ही चिकित्सा संस्थानों को दिए जाने वाले उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले और समयबद्ध होने चाहिए। बैठक में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय, संयुक्त आयुक्त पीसी ठाकुर समेत चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

योगी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले, मथुरा में बनेगा एथेनॉल प्लांट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES