Breaking News

कौशल कॉल सेंटर से युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार की मिलेगी सीधी जानकारी : कपिल देव अग्रवाल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन मुख्यालय में “कौशल कॉल सेंटर” का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं तक योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रोजगार अवसरों की सटीक जानकारी समय पर पहुंचाना है, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी युवा अवसर से वंचित न रहे।
शुभारंभ के दौरान मंत्री अग्रवाल ने कॉल सेंटर के माध्यम से पूर्व में प्रशिक्षित एक छात्र से फोन पर संवाद कर उसके अनुभव जाने और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के हर गांव और शहर के युवा तक सही मार्गदर्शन पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कॉल सेंटर युवाओं के सपनों को दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि कौशल कॉल सेंटर केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं और उनके भविष्य के बीच एक मजबूत सेतु साबित होगा। तकनीक के माध्यम से अब प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की जानकारी सरलता से उपलब्ध हो सकेगी। नियमित संवाद और फीडबैक से योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि कॉल सेंटर में 30 सदस्यीय टीम तैनात की गई है, जिन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। यह टीम प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से फीडबैक लेगी और प्रशिक्षण के बाद उनकी प्लेसमेंट व रोजगार प्रगति की निगरानी करेगी। कार्यक्रम में विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Check Also

उत्तर प्रदेश बनेगा वैश्विक वेलनेस हब, आयुष नीति-2026 को मिलेगा तेज अमल: मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES