Breaking News

मौनी अमावस्या पर 244 विशेष ट्रेनों से 4.5 लाख श्रद्धालुओं को मिली सुरक्षित यात्रा सुविधा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मौनी अमावस्या के अवसर पर देशभर से प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने यात्री सुविधा के लिए बड़ी पहल की। भारतीय रेल ने 3 जनवरी 2026 से मौनी अमावस्या स्नान पर्व तक कुल 244 विशेष ट्रेनों का संचालन कर लगभग 4.5 लाख यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई। इस दौरान उत्तर रेलवे की 31, उत्तर मध्य रेलवे की 158 तथा पूर्वोत्तर रेलवे की 55 विशेष ट्रेनें चलाई गईं, जिनका उद्देश्य श्रद्धालुओं को समय पर गंतव्य तक पहुंचाना रहा।
रेलवे प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन विशेष ट्रेनों की विस्तृत योजना पहले से तैयार की थी। मौनी अमावस्या से पूर्व और बाद के दिनों में यात्रियों की आवाजाही को संतुलित करने के लिए ट्रेनों का चरणबद्ध संचालन किया गया। 18 जनवरी को प्रयागराज में श्रद्धालुओं की संख्या अपने चरम पर रही, जब एक ही दिन में 40 विशेष ट्रेनें संचालित की गईं। इनमें उत्तर रेलवे की 11, उत्तर मध्य रेलवे की 22 और पूर्वोत्तर रेलवे की 7 ट्रेनें शामिल थीं, जिनसे लगभग एक लाख यात्रियों ने यात्रा की।
उल्लेखनीय है कि विशेष ट्रेनों के संचालन के बावजूद सभी नियमित ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय के अनुसार संचालित होती रहीं। इससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। रेलवे के अनुसार तकनीक के बेहतर उपयोग, संसाधनों के प्रभावी नियोजन और विभिन्न रेलवे जोनों के बीच मजबूत समन्वय के चलते यह संभव हो सका। मौनी अमावस्या जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान विशेष ट्रेनों का सफल संचालन भारतीय रेल की दक्षता, प्रतिबद्धता और यात्री हितों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

Check Also

बजट में रेलवे में सीनियर सिटीजन को झटका, ‘विकसित भारत’ में बुजुर्ग कहां ? सरकार की प्राथमिकताओं में यह मुद्दा नहीं

– रेल सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों की रियायत पर “नीति स्तर पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES