Breaking News

मुख्यमंत्री ने नव चयनित लेखपालों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 10 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं के रोजगार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। युवाओं को रोजगार व नौकरी प्राप्त हो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन व प्रतिबद्धता का हिस्सा है। विगत 07 वर्षों में युवाओं की योग्यता तथा क्षमता के अनुरूप, पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ तथा आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। परिणाम स्वरूप प्रदेश सरकार को 06 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान करने का अवसर प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में मिशन रोजगार के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया द्वारा चयनित 7,720 लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने 21 नव चयनित लेखपालों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इतने कम समय में तथा इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की नियुक्ति पहले कभी देखने को नहीं मिली। अधियाचन से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण की इस पूरी प्रक्रिया तथा जिला आवंटन तक किसी को सिफारिश कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी। युवाओं में इस व्यवस्था के प्रति विश्वास है। युवाओं का यह विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।
प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी ताकत लगा रही है। हम इन युवाओं के माध्यम से प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर कर, देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित कर सकेंगे। आज अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े हुए, यह सभी युवा प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। यह सभी युवा प्रदेश के विभिन्न भर्ती बोर्डों/आयोगों के माध्यम से चयनित किए गए हैं। प्रदेश में 1,55,000 से अधिक पुलिस कार्मिकों तथा 1,54,000 से अधिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया गया। अन्य विभागों में भी नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया।
मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग में लेखपाल के पद पर नव चयनित अभ्यर्थियों तथा उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि 7,720 नव चयनित युवाओं को उनकी आकांक्षा के अनुरूप, राजस्व विभाग में लेखपाल के पद हेतु नियुक्ति पत्र वितरित किये जा रहे हैं। यह कार्यक्रम प्रदेश के मंडलीय मुख्यालयों पर भी लाइव प्रदर्शित किया जा रहा है। राजस्व विभाग अत्यन्त महत्वपूर्ण विभाग है। इस विभाग के कार्मिक के रूप में जनता की सेवा के लिए लेखपाल की भूमिका बहुत महत्व रखती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाला कोई भी व्यक्ति परम्परागत रूप से गांव तथा ग्राम समाज की जमीन पर मकान बनाकर रह रहा है, तो उसकी जमीन का मालिकाना अधिकार घरौनी के माध्यम से प्रदान करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य चल रहा है। प्रदेश में अब तक 63 लाख से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों के परिवारों को यह सुविधा प्रदान की जा चुकी है। इस वर्ष के अन्त तक सभी एक करोड़ 25 लाख परिवारों को यह सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, ताकि गांव के जमीन सम्बन्धी विवाद वहीं पर समाप्त हो सकें।
कार्यक्रम को वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के अन्तर्गत 7,720 लेखपालों का चयन हुआ है। लेखपालों की नियुक्ति उनकी योग्यता, क्षमता के आधार पर हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजस्व सुधार के लिए अनेक कदम उठाये जा रहे हैं। इस अवसर पर मिशन रोजगार के सम्बन्ध में एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर राजस्व परिषद के अध्यक्ष डाॅ0 रजनीश दुबे ने स्वागत उद्बोधन तथा प्रमुख सचिव राजस्व पी0 गुरुप्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Check Also

कुँवर मानवेन्द्र सिंह ने महानवमी एवं विजयदशमी के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद् के सभापति कुँवर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES