वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र में निरंतर परिश्रम करें और सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करें। उन्होंने प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 10 मेधावियों को लैपटॉप वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूर्व राज्यमंत्री मांगे राम कश्यप के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई में निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। लैपटॉप पाने वाले मेधावियों में आईआईटी दिल्ली की छात्रा पंखुड़ी कश्यप और नीट-एमबीबीएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मनीषा कश्यप तथा शिवांगी कश्यप शामिल रहीं। इंटरमीडिएट परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले कामरान आलम को भी लैपटॉप दिया गया। इसके अलावा 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले सीमापाल और 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली बुसरा खान को सम्मानित किया गया। बीटेक के विद्यार्थियों विपुल कुमार और शशीदेवी को भी लैपटॉप प्रदान किए गए। वहीं, हाईस्कूल की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली आयुश्नी प्रजापति को भी लैपटॉप देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में मेधावियों को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की पहल को उनकी पढ़ाई और आगे की तैयारी में सहायक माना गया। अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।