Breaking News

पं. नारायण दत्त तिवारी का जीवन सार्वजनिक सेवा और विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक: सतीश महाना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि पं. नारायण दत्त तिवारी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संस्था और एक युग थे। उनका संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में दूरदर्शी सोच के साथ मजबूत आधारशिला रखी, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मुख्य सभागार में आयोजित पं. नारायण दत्त तिवारी जन्म शताब्दी समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने की।
सतीश महाना ने कहा कि पं. तिवारी की प्रशासनिक क्षमता, योग्यता और लोगों से जुड़ने की अद्भुत कला उन्हें विशिष्ट बनाती थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। विधानसभा में उनके 30,872 वक्तव्य उनके व्यापक संसदीय अनुभव और विभिन्न विषयों पर मजबूत पकड़ को दर्शाते हैं। नई पीढ़ी को विधानसभा के ऐप पर उपलब्ध उनके वक्तव्यों का अध्ययन कर उनके अनुभवों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्थाएं निरंतर चलती रहती हैं, लेकिन उनसे जुड़े व्यक्तियों की पहचान उनके कार्यों से बनती है। किसी व्यक्ति की कमियों के आधार पर पूरी संस्था का मूल्यांकन करना उचित नहीं है।
पूर्व मंत्री अम्मार रिजवी ने सतीश महाना के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश-विदेश में उत्तर प्रदेश विधानसभा की पहचान को मजबूत किया है। विधानसभा को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और प्रभावी बनाने की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पवन सिंह चौहान ने पं. तिवारी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया तथा उनके जीवन को सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचिव अतुल गुप्ता, डॉ. सीएम सिंह, पूर्व संपादक नवीन जोशी सहित अनेक विशिष्टजन भी उपस्थित रहे।

Check Also

राजकीय आईटीआई में पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 15 अक्टूबर तक जमा करें रैंक कार्ड

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *