वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने अब तक 19 लाख 20 हजार 732 कथित फर्जी मतदाताओं की पहचान की है। उन्होंने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान ‘समाजवादी ईसीआई ऑडिट-1’ पुस्तिका जारी की।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए मतदाता सूची में फर्जी नाम जुड़वाती है और विपक्षी मतदाताओं के नाम कटवाती है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की। हालांकि, ये आरोप सपा अध्यक्ष ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी मतदाता सूची में कथित अनियमितताएं मौजूद हैं। अखिलेश के मुताबिक, चुनाव आयोग को प्राप्त 87 लाख 56 हजार फॉर्म-6 में से 71 लाख 38 हजार की जानकारी सार्वजनिक की गई, जबकि 16 लाख 18 हजार फॉर्म की जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि पीडीए प्रहरी विभिन्न जिलों में मतदाता सूची की जांच कर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने लोनी, साहिबाबाद, महरौनी, दादरी और जखनिया समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में कथित फर्जी मतदाताओं के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने पार्टी नेताओं, विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं से 17 और 24 अक्टूबर को बूथों पर मौजूद रहकर नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा संदिग्ध प्रविष्टियों पर नजर रखने की अपील की।
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान सतर्कता जरूरी है, ताकि एक व्यक्ति का नाम कई स्थानों पर दर्ज न हो। भाजपा और चुनाव आयोग की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।