Breaking News

रेल कर्मचारियों की पदोन्नति और चिकित्सा सुविधाओं का मुद्दा उठा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल कार्यालय सभागार में गुरुवार को नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) की 249वीं स्थायी वार्ता तंत्र की दो दिवसीय बैठक शुरू हुई। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने बैठक का शुभारंभ किया। इसमें रेल कर्मचारियों की समस्याओं, लंबित पदोन्नति और चिकित्सा सुविधाओं सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल की वर्तमान उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी यूनियन पदाधिकारियों को दी। उन्होंने कर्मचारी हित में उठाए जा रहे कदमों से भी अवगत कराया। वहीं, यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से निर्धारित कार्यावधि के अनुरूप काम लेने और लंबित पदोन्नति के मामलों का जल्द निस्तारण करने की मांग उठाई। पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार सेवा संबंधी लाभ उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सुल्तानपुर, अयोध्या कैंट, रायबरेली और प्रयागराज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर तैनात कर्मचारियों के लिए आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठा। यूनियन ने इन क्षेत्रों में कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय अस्पतालों की सूची जारी करने की मांग की। साथ ही अस्पतालों में इलाज के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान करने पर भी जोर दिया। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर नियमानुसार विचार करने और लंबित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की जरूरत बताई गई। वार्ता के दौरान कर्मचारियों की सेवा शर्तों और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा जारी रही।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान और नीलिमा सिंह, विभिन्न विभागों के शाखाध्यक्ष, एनआरएमयू के मंडल मंत्री विभूति मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सुधीर तिवारी सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक 16 अक्टूबर को भी जारी रहेगी।

Check Also

श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुरों और नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वाराणसी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *