Breaking News

पुरुषों के वर्चस्व वाले पेशे में सोनू ने गाड़े झंडे, रोज 540 किमी चलाती हैं रोडवेज बस

– मंडल की इकलौती महिला बस चालक रोज लगाती हैं अलीगढ़ से नोएडा के बीच चार चक्कर
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
अलीगढ़। हौसला बुलंद हो तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं। अलीगढ़ की सोनू मलान ने बस का स्टीयरिंग थामकर इस बात को सच कर दिखाया है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बस चालक के पद पर तैनात सोनू अलीगढ़ मंडल की इकलौती महिला बस चालक हैं। वह रोज अलीगढ़ से नोएडा के बीच चार चक्कर लगाकर करीब 540 किलोमीटर का सफर तय करती हैं। उनकी कहानी उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो परंपरागत सोच को पीछे छोड़कर अपने सपनों को उड़ान देना चाहती हैं।
जट्टारी क्षेत्र के हजियापुर गांव की रहने वाली 28 वर्षीय सोनू ने वर्ष 2021 में परिवहन निगम में बस चालक की जिम्मेदारी संभाली थी। बचपन से ही उन्हें गाड़ियां चलाने का शौक था। महज 12 साल की उम्र में उन्होंने गांव में खेती-किसानी के काम के लिए ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया था। यही शौक आगे चलकर उनके करियर की पहचान बन गया।
महिला बस चालकों की भर्ती का अवसर मिलने पर सोनू ने आवेदन किया और चयनित होकर अपने सपने को साकार किया। शुरुआत में उन्हें यह कहकर हतोत्साहित करने की कोशिश की गई कि बस चलाना पुरुषों का काम है, लेकिन उन्होंने मेहनत और आत्मविश्वास से अपनी अलग पहचान बनाई। उनके पिता शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि भाई भी परिवहन निगम में बस चालक है। सोनू को परिवार का पूरा सहयोग मिला।

सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय :
सोनू की लोकप्रियता सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक है। उनके यूट्यूब पर करीब दो लाख, इंस्टाग्राम पर डेढ़ लाख और फेसबुक पर साढ़े छह लाख फॉलोअर्स हैं। वह बस चलाने से जुड़े वीडियो साझा करती हैं, जिन्हें बड़ी संख्या में लोग पसंद करते हैं। सोनू के मुताबिक, बस में सफर करने वाली महिलाएं उन्हें देखकर सुरक्षित महसूस करती हैं। कई युवतियां उनके काम की सराहना करते हुए अपने सपने पूरे करने का भरोसा जताती हैं। सोनू की उपलब्धि महिला आत्मनिर्भरता और बदलती सामाजिक सोच की मिसाल बन रही है।

Check Also

काशी विश्वनाथ धाम में मां विशालाक्षी को अर्पित की गई शृंगार सामग्री, नवदुर्गा सप्तशती का पाठ

॥ श्री काशीविश्वनाथो विजयतेतराम् ॥ वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वाराणसी। शारदीय नवरात्र के तीसरे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *