वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी गड़बड़ियां रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में फर्जी वोट हैं और कई जगह एक ही व्यक्ति के दो से लेकर दस तक वोट दर्ज होने की शिकायतें हैं। चुनाव आयोग इसे छोटी-मोटी गलती बता रहा है, जबकि यह बहुत बड़ी गड़बड़ी है।
सोमवार को गोमतीनगर में पूर्व मंत्री विद्या चौधरी के आवास पर उनका हालचाल जानने पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव हारने की स्थिति में बेईमानी करती है और चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोटों की चोरी होती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष और आम जनता जब आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हैं तो भाजपा को परेशानी क्यों होती है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों और उपचुनावों में कथित वोट चोरी के मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में अनियमितताओं और चुनावी धांधली को लेकर चुनाव आयोग से साक्ष्यों के साथ शिकायतें कीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसे किसी राजनीतिक दल के इशारे पर काम नहीं करना चाहिए। आयोग का निष्पक्ष होना ही नहीं, निष्पक्ष दिखना भी जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर देशभर में चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और कार्यप्रणाली पर सवाल क्यों उठ रहे हैं।