Breaking News

आईएमए में आधुनिक जिम्नेजियम और ऑटोमेटेड स्टेज कर्टेन का उद्घाटन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की लखनऊ शाखा ने सदस्यों और उनके परिवारजनों की सुविधा के लिए आधुनिक जिम्नेजियम की शुरुआत की। आईएमए भवन, रिवर बैंक कॉलोनी में स्थापित इस जिम्नेजियम में आधुनिक व्यायाम मशीनों और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य चिकित्सकों और उनके परिजनों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन के अवसर पर आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, डॉ. अलीम सिद्दीकी, डॉ. नईम अहमद शेख, डॉ. राकेश सिंह, डॉ. मनोज गोविला, लखीमपुर से डॉ. कमल मोहन और डॉ. राजीव सक्सेना समेत कई चिकित्सक और गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा कि चिकित्सक समाज को स्वस्थ रहने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे में उनका खुद शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया जिम्नेजियम आईएमए सदस्यों और उनके परिवारों के लिए नियमित व्यायाम तथा बेहतर जीवनशैली अपनाने का उपयोगी केंद्र बनेगा।
मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने कहा कि नियमित व्यायाम से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने सदस्यों से इस सुविधा का नियमित लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर आईएमए हॉल के मंच पर लगाए गए ऑटोमेटेड स्टेज कर्टेन का भी उद्घाटन किया गया। डॉ. अस्थाना और डॉ. श्रीवास्तव ने इसकी शुरुआत की। रिमोट से संचालित होने वाला यह आधुनिक पर्दा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य प्रस्तुतियों, सम्मेलनों और अन्य आयोजनों को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाने में सहायक होगा।
आईएमए पदाधिकारियों के अनुसार, इन दोनों सुविधाओं की शुरुआत सदस्य कल्याण, स्वास्थ्य संवर्धन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Check Also

कोहरे में हादसे रोकने के लिए हाईवे-एक्सप्रेसवे पर तैनात होंगे एंबुलेंस और रेस्क्यू वाहन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। शीतलहर और घने कोहरे में सड़क हादसों पर अंकुश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *