Breaking News

चेन लूट का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, फायरिंग कर भागने की कोशिश; लूटी चेन और तमंचा बरामद

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। शिवपुर के हरिहरपुर चौराहे के पास सोमवार देर रात पुलिस और चेन लूट के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाश ने टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी शशि भूषण घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से महिला से लूटी गई सोने की चेन, अवैध असलहा, खोखा कारतूस और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे सूचना के आधार पर शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा, चांदमारी चौकी प्रभारी आमिर बहादुर सिंह और एसआइ विद्यासागर की टीम ने हरिहरपुर चौराहे के पास संदिग्ध बदमाश की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसकी पहचान शशि भूषण पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी तार बांग्ला बिजली कॉलोनी, थाना डेहरी, जिला रोहतास, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि शशि भूषण 24 अगस्त को बड़ालालपुर के खुशहाल नगर में महिला प्रिया सिंह से हुई चेन लूट में शामिल था। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया था, जिससे उनके सिर में चोट आई थी। इसके बाद उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने लूटी गई चेन बरामद कर ली। साथ ही अवैध असलहा, खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक भी मिली। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों और अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

Check Also

पति को नशीली गोलियां देने का आरोप, प्रेमी के साथ पत्नी को रंगे हाथ पकड़ा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES