वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव में धांधली करने और मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चाहिए और अधिकारियों को राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह काम करने से बचना चाहिए।
अखिलेश यादव बुधवार को मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट में मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा प्रत्याशी सोनू कनौजिया के पिता स्वर्गीय रामगोपाल कनौजिया की तेरहवीं में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिजनों को सांत्वना दी। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कनौजिया परिवार ने समाज को जोड़ने और सबको साथ लेकर चलने का काम किया है। उनके निधन से सभी दुखी हैं।
सपा अध्यक्ष ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों के जरिए शिक्षकों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और कथित वॉयस कॉल के मामलों में पार्टी कार्यकर्ता सतर्क रहें तथा उपलब्ध रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखें। उन्होंने चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखने की अपील की।
अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षामित्रों को पूर्ण शिक्षक बनाकर सरकारी नौकरी देने के अपने वादे को पूरा करेगी। उन्होंने एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में कथित विसंगतियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक व्यक्ति के कई स्थानों पर नाम दर्ज होने जैसे मामलों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। अखिलेश ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के सपा प्रत्याशियों के समर्थन में लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि आरक्षण, अधिकार और सम्मान की लड़ाई पार्टी आगे भी जारी रखेगी।