वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
मुरादाबाद/लखनऊ। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। वह शनिवार को मुरादाबाद स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, इलाज की गुणवत्ता और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और उपचार प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के बाद ब्रजेश पाठक ने चिकित्सा अधिकारियों और वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और मरीजों तथा उनके तीमारदारों के साथ संवेदनशीलता एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उनकी शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर उपचार मिले और स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा, संतुष्टि और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।