Breaking News

यूपी में तूफान-अतिवृष्टि की मिलेगी पहले सूचना, पांच शहरों में लगेंगे डॉप्लर रडार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान, अतिवृष्टि और मौसम की अन्य गंभीर घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पांच शहरों में डॉप्लर वेदर रडार स्थापित किए जा रहे हैं। योगी सरकार की इस पहल से मौसम की निगरानी मजबूत होगी और आपदा से पहले बचाव की तैयारियों के लिए समय मिल सकेगा। आजमगढ़ और वाराणसी में दो रडार स्थापित हो चुके हैं, जबकि लखनऊ, झांसी और अलीगढ़ में स्थापना की प्रक्रिया चल रही है। प्रत्येक रडार की निगरानी क्षमता करीब 250 से 500 किलोमीटर तक बताई गई है।
राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद के मुताबिक, अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन रडार से मौसम संबंधी आंकड़े मिलेंगे। इनके आधार पर तेज बारिश, आंधी और अन्य गंभीर मौसमी घटनाओं की निगरानी तथा पूर्वानुमान लगाने में मदद मिलेगी। इससे प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों में समय रहते सतर्कता बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी कर सकेगा।

किसानों को भी मिलेगा फायदा :
डॉप्लर रडार से मिलने वाली पूर्व सूचना आमजन के साथ किसानों के लिए भी उपयोगी होगी। खराब मौसम की आशंका पहले पता चलने पर किसान फसलों की सुरक्षा, कृषि कार्यों की योजना और पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठा सकेंगे। इससे मौसम की मार से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

22.45 करोड़ रुपये होंगे खर्च :
प्रदेश में पांच डॉप्लर वेदर रडार स्थापित करने पर करीब 19.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त रडार स्थलों पर जरूरी सिविल निर्माण कार्यों के लिए 2.95 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस तरह पूरी परियोजना पर कुल 22.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार का उद्देश्य मौसम संबंधी आपदाओं में राहत पहुंचाने के साथ पहले से बचाव के उपाय मजबूत करना है। रडार नेटवर्क के विस्तार से मौसम की निगरानी और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Check Also

योगी सरकार में 1.88 लाख स्कूलों का स्व-मूल्यांकन पूरा, 31 अक्टूबर तक होगा भौतिक सत्यापन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी और अन्य विद्यालयों में स्वच्छता, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *