वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। सपा नेता और कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और वर्ष 2012 से 2017 तक रही अखिलेश यादव सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दे रहे हैं।
लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में भी सपा प्रवक्ता दीपक रंजन ने कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया और पार्टी की नीतियों एवं पूर्ववर्ती सरकार के कार्यों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनता से समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की अपील की।
सपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों से सीधे संपर्क कर रहे हैं। अभियान के दौरान अखिलेश सरकार के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को जनता के बीच प्रमुखता से रखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को सपा सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा ने अभी से संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने और पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को जनता के बीच रखने की जिम्मेदारी दी जा रही है। जनसंपर्क अभियान के जरिए पार्टी आगामी चुनाव में अपने पक्ष में माहौल तैयार करने की कवायद में जुटी है।