वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में शुक्रवार को जन्माष्टमी महा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हरे कृष्ण महामंत्र के गूंजते स्वर और राधा-कृष्ण के भव्य शृंगार के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और भक्ति में सराबोर रहे।
मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु के निर्देशन में आयोजित महोत्सव में दिनभर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। भगवान श्री श्री राधा रमण बिहारी का दूध, दही, घी, शहद और 1008 तीर्थों के जल से विशेष अभिषेक किया गया। इसके बाद महा अभिषेक हुआ। वृंदावन के कारीगरों द्वारा तैयार जरी, मोती, मणि और माणिक जड़ित पोशाक से भगवान का भव्य शृंगार किया गया। उन्हें 256 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। छप्पन भोग भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
महोत्सव में मुकुंदा रॉक बैंड की प्रस्तुति के साथ स्वागत नृत्य, भरतनाट्यम और नाट्य प्रस्तुतियां हुईं। इस्कॉन गर्ल्स फोरम, प्रभुपाद यूथ आर्मी और संस्कारशाला के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और संदेशों को प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। ‘कौन बनेगा कृष्ण डिवोटी’ क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।
इस अवसर पर श्रीमद्भागवतम, श्रीमद्भगवद्गीता और श्रील प्रभुपाद की पुस्तकों का वितरण किया गया। युवा भक्तों ने नए श्रद्धालुओं को हरे कृष्ण महामंत्र के जप और भक्ति वृक्ष कक्षाओं से जोड़ने का प्रयास किया। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव समेत कई गणमान्य लोग भी पहुंचे। मंदिर के फेसबुक, यू-ट्यूब और जूम माध्यमों से भी लाखों श्रद्धालुओं ने महोत्सव का दर्शन किया।