वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ब्रज क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर मथुरा-वृंदावन, बरसाना और गोवर्धन का संतुलित, सर्वांगीण और विश्वस्तरीय विकास कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की प्रक्रिया में ब्रजवासियों की सहमति और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने जन्माष्टमी पर इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सपा ब्रज क्षेत्र के धार्मिक और पौराणिक महत्व को संरक्षित रखते हुए यहां आधुनिक सुविधाओं और बेहतर बुनियादी ढांचे का विकास करेगी। इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और आध्यात्मिक पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज का विकास ब्रजवासियों की कीमत पर नहीं होना चाहिए। स्थानीय लोगों की सहमति और सहयोग के बिना विकास की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र के निवासियों का कल्याण और उत्थान ही विकास की प्राथमिक कुंजी होगी। स्थानीय लोगों को साथ लेकर ही क्षेत्र की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकास किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए आधारभूत कार्य किए गए थे। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में वापसी के बाद उनकी पार्टी इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए मथुरा-वृंदावन, बरसाना और गोवर्धन के धार्मिक क्षेत्रों का संतुलित और विश्वस्तरीय विकास करेगी। अखिलेश का यह बयान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस ऐलान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने ब्रज क्षेत्र का विकास काशी और अयोध्या की तर्ज पर कराने की बात कही थी। इससे जन्माष्टमी के अवसर पर ब्रज के विकास को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।